नई दिल्ली. कोरोना संकमण से देश में मौतें बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को पांच लोगों की मौत हुई। मध्यप्रदेश के इंदौर में 49 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मरीज शहर के श्री अरविंदो इंस्टीटयूट ऑफ मेडिकल साइंस में भर्ती था। उधर, महाराष्ट्र के पुणे में आज तीन मरीजों की मौत हुई। इनमें से दो मरीज को डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर था। शहर में अब तक संक्रमण से 11 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, महाराष्ट्र में मौत का आंकड़ा 67 पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के आगरा में 76 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह विदेश से लौटे पौत्र से संक्रमित हुई थी। उनका इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। यह राज्य में कोरोना से चौथी मौत है। उधर, देश में मरने वालों की संख्या 176 हो गई है। यह आंकड़े अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं।
गुजरात के जामनगर में 14 महीने के बच्चे की जान गई
कोरोना संक्रमण अब मासूमों की जान का दुश्मन भी बनता जा रहा है। गुजरात के जामनगर में कोरोना पीड़ित 14 महीने के बच्चे की मंगलवार शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई। 5 अप्रैल को उसका टेस्ट पॉजिटिव आया था। बच्चे के अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। मंगलवार की शाम को उसने आखिरी सांस ली। बच्चे के माता-पिता मजदूर हैं और उत्तर प्रदेश से हैं। प्रशासन का कहना है कि इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। यह जामनगर जिले का पहला कोरोना मामला है। उधर, देश में भी कोरोना की वजह से किसी बच्चे की पहली मौत है। जामनगर प्रशासन अब इसके सोर्स का पता लगा रहा है। माता-पिता को आइसोलेशन में भेजा दिया गया है। इनमें भी किसी तरह के लक्षण नहीं हैं। यह परिवार दारेद गांव में रहता है। जिसे अब पूरी तरह सील कर दिया गया है। इस मौत के साथ राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 16 पर पहुंच गया है।
संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें
राज्य | मौतें |
महाराष्ट्र | 67 |
मध्यप्रदेश | 22 |
गुजरात | 16 |
तेलंगाना | 12 |
दिल्ली | 09 |
पंजाब | 08 |
पश्चिम बंगाल | 07 |
राजस्थान | 06 |
तमिलनाडु | 05 |
कर्नाटक | 04 |
आंध्र प्रदेश | 04 |
उत्तर प्रदेश | 04 |
जम्मू-कश्मीर | 03 |
हिमाचल | 02 |
हरियाणा | 02 |
केरल | 02 |
बिहार | 01 |
चंडीगढ़ | 01 |
ओडिशा | 01 |
कुल | 176 |